शासन प्रशासन क्षेत्रवासियों को आंदोलन के लिये कर रहा मजबूर 

मनुष्य एवं पशुओं के लिये गर्मी में पेयजल की किल्लत 

बिजली विभाग मस्त ढाणीवासी त्रस्त 

सुखबीर जे तंवर 

पटौदी से शमशेर सिंह 
फरुखनगर:क्षेत्र की ढाणियों में बिजली संकट को लेकर अब जनाक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे तंवर के नेतृत्व में क्षेत्र के ढाणीवासियों ने तहसीलदार फरुखनगर सज्जन कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा को सख्त ज्ञापन सौंपा। सुखबीर जे तंवर ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और सरकार की अनदेखी के कारण फरुखनगर ग्रामीण क्षेत्र के समस्त ढाणीवासी भीषण गर्मी और अंधेरे में जीने को मजबूर है। गेहूँ की फसल कटाई के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के नाम पर एग्रीकल्चर फीडर की बिजली सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक बंद की गई थी। लेकिन 10 अप्रैल को फसल कटाई पूरी होने के बावजूद आज तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है, जो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह है। दिन के समय बिजली पूरी तरह ठप्प रहती है और शाम को भी तेज हवा का बहाना बनाकर सप्लाई रोक दी जाती है। पिछले तीन दिनों से पूरा ग्रामीण इलाका रात के अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे आमजन का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ढाणियों में रहने वाले हजारों परिवार जिनके घरेलू कनेक्शन एग्रीकल्चर फीडर से जुड़े हुए हैं, भीषण गर्मी और बिजली के अभाव में बुरी तरह प्रभावित और परेशान हैं। मनुष्य एवं पशुओं के लिये पेयजल की किल्लत, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों का स्वास्थ्य और महिलाओं की दैनिक जरूरतें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। संबंधित बिजली अधिकारियों को निरंतर अवगत कराने और आग्रह के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होना शासन प्रशासन की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
समस्त फरुखनगर क्षेत्र के ढाणीवासियों की मांग है की एग्रीकल्चर फीडर से जुड़े घरेलू उपभोक्ताओं को अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल की जाये।ढाणीवासियों के लिये बिजली कटौती पर स्पष्ट और पारदर्शी नीति लागू की जाये। लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध अनुकरणीय विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। सुखबीर जे तंवर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस गंभीर जनसमस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया, तो फरुखनगर क्षेत्र के ग्रामीण मजबूर होकर सड़कों पर उतरेंगे और शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन, रोड जाम एवं जनआंदोलन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर सरपंच रमेश यादव एडवोकेट, राजेंद्र नंबरदार, देवेंदर कुमार एडवोकेट, मनोज यादव, मामन सिंह, आनंद पाल, हरीश कुमार जगदेव यादव, पहलाद यादव, राज कुमार, कृष्णचंद सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post