मेप्सको कासाबेला सोसाइटी में प्रॉपर्टी टैक्स कैंप आयोजित, 100 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

पटौदी से शमशेर सिंह 
6 जून, मानेसर।
मानेसर नगर निगम द्वारा निगम क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी समस्याओं का त्वरित सामधान करने के उद्देश्य से विशेष कैंप का आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को सेक्टर-82 स्थित मेप्सको कासाबेला सोसाइटी में प्रॉपर्टी टैक्स कैंप का आयोजन हुआ। कैंप में बड़ी संख्या में सोसाइटी निवासियों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।

नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स विंग द्वारा आयोजित कैंप में करीब 100 लोगों ने भाग लिया। कैंप के दौरान नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने, रिकॉर्ड में सुधार करने तथा टैक्स संबंधी अन्य समस्याओं के समाधान की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही समाधान किया। ब्याज माफी योजना का लाभ उठाते हुए 50 से अधिक प्रॉपर्टी धारकों ने मौके पर ही अपना बकाया टैक्स जमा करवाया। इसके अलावा कई लोगों ने अपनी प्रॉपर्टी से जुड़े रिकॉर्ड में मौजूद त्रुटियों को ठीक कराने के लिए आवेदन जमा किए। कुछ लोगों ने संपत्ति के क्षेत्रफल, स्वामित्व संबंधी विवरण और अन्य तकनीकी त्रुटियों के सुधार के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। नगर निगम की टीम ने इन आवेदनों को स्वीकार कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह जून ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी जागरूकता बढ़ाने और करदाताओं को सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों का उद्देश्य नागरिकों को उनके नजदीक ही सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है,ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने टैक्स संबंधी कार्य पूरे कर सकें।  
-----------------------------
Previous Post Next Post