राष्ट्रपति भवन पहुंचकर बढ़ाया गुरुग्राम का मान

गुरुग्राम। 
बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न स्कूलों के चयनित विद्यार्थियों को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने का अवसर मिला। इस विशेष अवसर पर गुरुग्राम स्थित एस.डी. आदर्श विद्यालय की कक्षा आठवीं की होनहार छात्रा सान्वी ठाकरान ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की। सान्वी मूल रूप से हसलापुर गांव की रहने वाली हैं। राष्ट्रपति भवन में देश की प्रथम नागरिक से मिलने का अवसर प्राप्त करना उनके और उनके परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा।

सान्वी ठाकरान पुत्री मनोज ठाकरान एवं पौत्री सतबीर सिंह ठाकरान विद्यालय की मेधावी एवं सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों में शामिल रही हैं। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ अनुशासन, अच्छे व्यवहार, नियमितता और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी उनकी विशेष पहचान रही है। उनके शैक्षणिक प्रदर्शन एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व को देखते हुए उन्हें इस विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ। उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि शिक्षा के साथ अनुशासन और अच्छे संस्कार भी विद्यार्थियों को विशेष पहचान दिलाते हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्पणा जोशी एवं विद्यालय अध्यक्ष श्रीमती आशा शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों को इस विशेष कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला। सान्वी के साथ विद्यालय के तीन अन्य विद्यार्थी हेमन्या, अक्षत और मयंक भी राष्ट्रपति भवन पहुंचे और इस यादगार अनुभव का हिस्सा बने।

इस उपलब्धि के साथ सान्वी के परिवार का सामाजिक क्षेत्र से जुड़ा एक और गौरवपूर्ण अध्याय भी जुड़ा हुआ है। उल्लेखनीय है कि पटौदी निवासी उनके चाचा योगेश चौधरी को भी पिछले वर्ष महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। योगेश चौधरी दक्षिण हरियाणा के सबसे युवा राष्ट्रपति अवार्डी हैं तथा देश में युवाओं के बीच एक यूथ आइकॉन के रूप में अपनी विशेष पहचान रखते हैं।

गौरतलब है कि जहां एक ओर योगेश चौधरी ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, वहीं अब सान्वी ठाकरान को बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति से मुलाकात का गौरव प्राप्त हुआ है। एक ही परिवार के सदस्यों का राष्ट्रपति भवन से इस प्रकार जुड़ना हसलापुर गांव और पटौदी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

सान्वी की यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है कि निरंतर मेहनत, शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और अच्छे व्यवहार के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
Previous Post Next Post