- अर्बन डवलपमेंट के प्रिंसिपल एडवाइजर के आदेशों पर आयुक्त ने कमेटी गठित की
- कमेटी एक सप्ताह में सौंपेगी रिपोर्ट

पटौदी से शमशेर सिंह 
24 अप्रैल, मानेसर।

मानेसर निगम क्षेत्र के सेक्टर- 78,79, गांव नौरंगपुर के लोगों को जल्द ही वायु प्रदूषण के मुक्ति मिलेगी। नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह की ओर से एक कमेटी गठित की गई। कमेटी के सदस्यों ने मौका निरीक्षण किया। कमेटी एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर उल्लंघनकर्ताओं पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

शुक्रवार को नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सिद्धार्थ भार्गव, निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन निजेश, एसडीओ विपिन बूरा सहित अन्य लोगों की टीम ने गांव नौरंगपुर को राष्ट्रीय राजमार्ग 48 से जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निरीक्षण किया। टीम ने करीब एक किलोमीटर लंबे रास्ते पर उड़ने वाली धूल के कारणों का पता लगाया। इस दौरान टीम ने पाया कि यहां पर कुछ बिल्डरों द्वारा निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा यहां पर कई आरएमसी प्लांट भी चल रहे हैं। इन प्लांटों से निकलने वाली धूल ओर बिल्डरों की ओर से किए जा रहे निर्माण इसका मुख्य कारण है। इसके अलावा यहां पर कुछ हिस्सें में सड़क भी टूटी हुई है। नगर निगम की ओर से प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए अस्थाई तौर पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। स्वीपिंग मशीन के द्वारा सफाई करवाई जाएगी। बता दें कि अर्बन डवलपमेंट के प्रिंसीपल एडवाइजर डीएस ढे़सी की ओर से प्राप्त आदेशों की पालना करते हुए मानेसर नगर निगम के आयुक्त प्रदीप कुमार ने टीम गठित की है। टीम अगले एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट जमा करेगी। रिपोर्ट के अनुसार संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


---------------------------
Previous Post Next Post