स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने पोस्टर किया लॉन्च, 12 अप्रैल को होगा आयोजन
रेवाड़ी ब्यूरो।
12 अप्रैल को शहर में आयोजित होने वाली राव तुलाराम हाफ मैराथन इस बार खास बनने जा रही है। कार्यक्रम में राष्ट्रपति अवॉर्डी योगेश चौधरी की मौजूदगी युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र होगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। मैराथन के मुख्य संयोजक प्रदीप ने बताया कि अहीरवाल हेरिटेज संस्था के सहयोग से पहली बार इस आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वीर योद्धा राजा राव तुलाराम को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजन को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मुलाकात की गई, जिन्होंने मैराथन के पोस्टर का विमोचन किया।
मैराथन में 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की प्रतिस्पर्धात्मक दौड़ होगी, जबकि 3 किमी की नॉन-कॉम्पिटिटिव रन भी आयोजित की जाएगी। विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट, मेडल, बिब, टी-शर्ट और हाइड्रेशन सुविधा प्रदान की जाएगी। अहीरवाल हेरिटेज संस्था की प्रधान प्रियंका यादव ने बताया कि अमर शहीद फ्लाइंग लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव के माता-पिता मुख्य अतिथि के रूप में 21 किमी दौड़ को फ्लैग ऑफ करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रपति अवॉर्डी योगेश चौधरी, संदीप आर्य सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। समिति सदस्य सचिन इंजीनियर के अनुसार, इस आयोजन में फ्लाइंग लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव वेलफेयर सोसायटी, नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे और नगर परिषद रेवाड़ी सहित कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।