मनीषबलवान सिंह जांगड़ा, हिसार
सोमवार को हिसार में पुरानी सब्ज़ी मंडी के पास बड़वाली ढाणी में बदमाशों ने अंधाधुंध गोली चलाकर एक युवक की हत्या कर दी है। बदमाशों ने 20 गोलियां चलाई हैं जिसमे मुकेश सैनी उर्फ़ प्रधान की मौत हुई है। युवक को घायल अवस्था में हिसार के सिविल अस्पताल में ले जाया गया लेकिन युवक ने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मोके से फ़रार हो गए। बताया जा रहा कि उन्होंने सभी प्रत्यक्षदर्शियों को भी गवाह बनने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पूरे एरिया में दहशत का माहौल है। पुलिस ने वारदात के बाद पुरानी सब्ज़ी मंडी के बाजार की सभी दूकानों को बंद करवा दिया।

पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या।

जानकारी के मुताबिक युवक पर गोलियां पुरानी रंजिश के चलते चलाई गई हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि मुकेश  सैनी उर्फ़ प्रधान अपने दोपहिया वाहन पर निकला ही था कि पीछे से अज्ञात लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। मुकेश को लहूलुहान अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को घटनास्थल से 20 गोलियों के खोल मिले। कुछ ही देर बाद डीएसपी अशोक कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने कहा कि मामले की तफ़्तीश चल रही है। मौके पर 20 गोलियों के खोल मिले हैं। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक मुकेश सैनी की हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई है। हमने शव का पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया है व अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुक़द्दमा दर्ज़ किया गया।

मर्डर केस में था गवाह।

पता लगा है कि मुकेश उर्फ प्रधान 2018 में जैकी नामक एक युवक की हत्या के मामले में गवाह था। वह मृतक जैकी का जिगरी दोस्त भी था। बाद में वर्ष 2019 में जैकी के की हत्या के आरोपियों पर गोली चलाने के मुक़द्दमे में पुलिस ने मुकेश समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। फ़िलहाल मुकेश उर्फ प्रधान जमानत पर था।

परिजनों ने शव लेने से किया इनकार। 

वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस अभी तक हत्यारों को नही पकड़ पाई है। परिजनों ने कहा कि जब तक पुलिस अपराधियों को नही पकड़ लेती तब तक हम शव नही लेंगे। मुकेश के पिता ने बताया की ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि मुकेश जैकी मर्डर केस में गवाह था तो उसी रंजिश में ये हत्या हो सकती है। वह तो पुलिस से यही मांग करते हैं कि हत्या करने वालों को गिरफ्तार करके सच्चाई पता की जाये।

Previous Post Next Post