नगर निगम ने 1.15 लाख टन कूड़े का किया वैज्ञानिक निपटान, पांच एकड़ भूमि को किया मुक्त
- ⁠- करीब 9 महीनों में दो एजेंसियों की मदद से हुआ सफल निस्पादन
- सेक्टर-8 से चार एकड़, गांव गढ़ी की एक एकड़ भूमि पर बने डंपिंग स्टेशन से हटाया गया कूड़ा
- आयुक्त प्रदीप सिंह ने नगर निगम की टीम की प्रशंसा की

पटौदी से शमशेर सिंह 
8 जनवरी, मानेसर।

नगर निगम मानेसर ने निगम क्षेत्र में पड़े करीब एक लाख 15 हजार टन लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक पद्धति से सफल निपटान कर दिया है। निगम की टीम ने 9 महीने की कड़ी मेहनत के बाद सेक्टर-8 की डंपिंग साइट और गांव गढ़ी में जमा पुराना कचरा प्रोसेस हो गया है। अब इन साइटों पर पड़ने वाले कूड़े को साथ ही साथ अलग किया जा रहा है ताकि स्थिति को बेहतर बनाया जा सके।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह संभव हो पाया है। डंपिंग साइट पर सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की सक्रिय भूमिका ने प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया। आयुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने सुझाव दिया कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में डालें। इससे कूड़े के निपटान की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।  
आईएमटी सेक्टर-8 की करीब 7 एकड़ भूमि पर लीगेसी वेस्ट पड़ा हुआ था, जिसमें से 4 एकड़ भूमि से कूड़े का निस्तारण कर दिया गया है। जबकि गांव गढ़ी में एक एकड़ भूमि पर डंपिंग स्टेशन बना था, इसे पूरा खाली कर दिया गया है। निगम की टीम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मेहनत करते हुए इस काम को पूरा किया। निगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम की टीम प्रयास कर रही है।  

नियमानुसार वैज्ञानिक तरीके से किया गया निपटान-

स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन निजेश कुमार ने बताया कि लीगेसी वेस्ट को पूरी तरह से सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार प्रोसेस किया गया। इस काम में दो एजेंसियों की मदद ली गई। कूड़े से प्लास्टिक,धातु, जैविक अपशिष्टों को अलग-अलग किया गया। जैविक कचरे से उपजाऊ मिट्टी (गुड अर्थ) तैयार की गई। जिसका उपयोग लैंड फिलिंग के लिए किया गया। रिफयूज डिराइव्ड फ्यूल (आरडीएफ) को प्रदेश की विभिन्न पेपर मीलों को भेजा गया। पेपर मीलों से प्रमाण पत्र प्राप्त कर निगम ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया।

--------------------
Previous Post Next Post