ओम शांति रिट्रीट सेंटर में केक काटकर मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
शिवचरण/पटौदी। ब्रह्माकुमारीज के भोराकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व केक काटकर मनाया गया। मनमोहन के जन्म दिवस के अवसर पर कान्हा को विशेष भोग स्वीकार कराया गया। ओआरसी की निदेशिका आशा दीदी ने पावन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण सर्वगुण संपन्न,16 कला सम्पूर्ण, सम्पूर्ण निर्विकारी, मर्यादा पुरुषोत्तम थे। श्रीकृष्ण की महिमा उनके गुणों के कारण होती है। अगर हम भी उनके समान गुणों को जीवन में अपना लें तो महिमा योग्य बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमारे लिए हमेशा से प्रेरणास्पद रहा है। आज हर मां श्रीकृष्ण जैसा बच्चा चाहती है। 
इस अवसर पर महाराष्ट्र, कोल्हापुर से पधारी बीके सुनंदा ने कहा कि श्रीकृष्ण की छवि मन में आते ही हर आत्मा खुशी और आनंद से विभोर हो जाती है। उन्होंने कहा कि अब बहुत जल्द ही कलयुगी दुनिया की समाप्ति के बाद पुनः सतयुग का आगमन होने वाला है। फिर से श्रीकृष्ण की दुनिया आने वाली है। उन्होंने कहा कि ऐसी पावन दुनिया में जाने के लिए हमें स्वयं को दिव्यता संपन्न बनाना होगा। कार्यक्रम में भोराकलां के सरपंच मनवीर सिंह ने भी अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने रास  करके अपनी खुशी प्रकट की। कार्यक्रम में काफी संख्या में संस्था के सदस्यों एवं अन्य लोगों ने शिरकत की।
Previous Post Next Post